उज्जैन।महाशिवरात्रि पर्व पर श्री महाकालेश्वर मंदिर में चार प्रहर के पूजन-अभिषेक और विशेष अनुष्ठानों के बाद सोमवार को भगवान महाकाल को सेहरा अर्पित किया गया। इस दौरान साल में एक बार दोपहर में होने वाली विशेष भस्म आरती भी हुई।सोमवार को दोपहर 12 बजे भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया गया। मंत्रोच्चार के साथ जल अर्पित करने के बाद कपूर आरती हुई। इसके बाद भगवान के मस्तक पर भांग, चंदन और त्रिपुंड अर्पित कर दिव्य श्रृंगार किया गया। श्रृंगार पूरा होने के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढांककर भस्म अर्पित की गई।भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल को रजत शेषनाग मुकुट, रजत मुंडमाला, रुद्राक्ष माला तथा मोगरा और गुलाब के सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित कर भव्य श्रृंगार किया गया।