अशोकनगर में यूट्यूब से सीखा नशा बनाना
ब्रह्मास्त्र इंदौर
अशोकनगर में गेहूं और आटे के व्यापार में घाटा हुआ तो व्यापारी ने एमडी ड्रग बनाने की फैक्ट्री डाल दी। उसने ड्रग बनाने का तरीका यूट्यूब से सीखा। इसके लिए कच्चा माल इंदौर से मंगाता था।
वहीं से मिले इनपुट के आधार पर इंदौर नारकोटिक्स डिपार्टमेंट की 15 सदस्यीय टीम सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे अशोकनगर में चंदेरी इलाके के कडराना गांव पहुंची। घेराबंदी करके मुख्य आरोपी प्रियांशु जैन उर्फ शानू मोदी और राघवेंद्र परमार को गिरफ्तार कर लिया।
नारकोटिक्स विभाग की 15 सदस्यीय टीम ने जिस वक्त दबिश दी, प्रियांशु (31) निवासी हाट का पुरा, चंदेरी और राघवेंद्र परमार (38) निवासी कडराना केमिकल से ड्रग तैयार कर रहे थे। उन्होंने राघवेंद्र के घर में ही लैब बना रखी थी।
टीम ने मौके से एक किलो से ज्यादा एमडी, ड्रग बनाने के उपकरण, एक कार और अवैध पिस्टल बरामद की है। इस पूरे माल की कीमत करीब दो करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने प्रियांशु की जो कार जब्त की है, उस पर भाजपा का सिंबल और भाजपा युवा मोर्चा चंदेरी उपाध्यक्ष लिखा है। आरोपी इसी कार से ड्रग्स सप्लाई करते थे।
प्रियांशु का भाई हिमांशु चंदेरी में होने वाली फिल्मों की शूटिंग के दौरान मैनेजमेंट का काम करता है। वह सेटअप जमाने, खाने-पीने का सामान पहुंचाने, भीड़ इकट्ठा करने जैसे काम संभालता है।