उज्जैन। बैंक असिस्टेंट मैनेजर और बिजनेस करने वाले परिवार के सूने मकानों पर शनिवार-रविवार रात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश स्कूटी पर सवार होकर आये थे, जिनकी संख्या तीन थी। जिसमें एक युवती शामिल होना सामने आई है। तीनों ने नकाब ओढ़ रखा था।
नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के बसंत विहार में विकास पिता गोपाल पंवार का मकान बना हुआ है। वह इंदौर केनरा बैंक में असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर है। मकान में माता-पिता रहते है, जो विदिशा गये हुए थे। मकान पर ताला लगा हुआ था। शुक्रवार-शनिवार रात उनके मकान का ताला तोड़कर बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। सुबह आपास के लोगों ने विकास को ताला टूटने की जानकारी दी। वह ड्युटी खत्म होने पर शनिवार देर शाम उज्जैन पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। रात का समय होने पर पुलिस ने मकान पर दूसरा ताला लगवा दिया और रविवार सुबह जांच की बात कहीं। विकास पंवार इंदिरानगर में रहने वाले रिश्तेदार के यहां चले गये। रविवार सुबह फिर पड़ोसियों ने ताला टूटा होने की जानकारी दी। विकास तत्काल ही बसंत विहार पहुंच गये। इस दौरान सामने आया कि बदमाशों ने करीब डेढ़ किलो चांदी के साथ सोने के आभूषण और डेढ लाख रूपये नगद चोरी किये है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू करते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। पुलिस बसंत बिहार में जांच कर रही थी, तभी पता चला कि शनिवार-रविवार ही महानंदानगर में रहने वाले बिजनेस मैन राजेन्द्र भार्गव के मकान का भी ताला टूटा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची, इस दौरान सामने आया कि राजेन्द्र जैन पूर्व पार्षद दिलीप भार्गव के भाई है। जो 10 दिनों से परिवार के साथ पूणे गये हुए है। भाई के मकान में चोरी का पता चलते ही दिलीप भार्गव महानंदानगर पहुंच गये थे। आशंका जताई कि बदमाशों ने आभूषणों के साथ नगदी चोरी की है। उक्त मामले में भी पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज किया और जांच के लिये फिगंर प्रिंट टीम को बुलाया। परिवार के पूणे से लौटने पर चोरी के सामान का आकंलन किया जायेगा।
महानंदानगर में मिले बदमाशों के फुटेज
पुलिस ने महानंदानगर के सी सेक्टर में रहने वाले राजेन्द्र भार्गव के मकान में हुई चोरी के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। इस दौरान सामने आया कि बदमाश स्कूटी पर सवार होकर रात 2 बजे बाद पहुंचे थे। स्कूटी पर तीन लोग सवार थे, जिन्होने पेंट शर्ट, जैकेट के साथ चेहरे पर नकाब ओढ़ रखा था। तीनों में एक युवती शामिल है। स्कूटी से उतरने के बाद युवती ने अपने साथी के बेग से ताला तोड़ने का औजार निकाला और दूसरे को दिया। ताला तोड़ने के बाद तीनों अंदर पहुंचे और करीब एक घंटे बाद बाहर निकले। पुलिस को आशंका है कि तीनों बदमाशों ने बसंत बिहार में भी चोरी को अंजाम दिया है। आगे के फुटेज खंगालने पर तीनों महामृत्युंज्य द्वार की ओर तक जाते दिखाई दिये है। पुलिस उनकी स्कूटी का नम्बर ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। संभावना है जल्द तीनों का पता लगा लिया जायेगा।
महानंदानगर और बसंत विहार कालोनी में चोरी की वारदात नकाबपोशों ने युवती के साथ मिलकर तोड़े 2 मकान के ताले