इस बार की सर्दी में सोमवार सुबह रही अब तक की सबसे ठंडी हो जाएं तैयार! शीत लहर हड्डी कडकडाने को बेकरार -अगले दिनों में शीत लहर के प्रभाव से तापमान में और गिरावट के आसार

उज्जैन। ठंड के मौसम में अब तैयार हो जाएं,शीत लहर और निम्न तापमान हड्डियों को कडकडाने के लिए बेकरार हो रहा है। सोमवार सुबह इस वर्ष शीत ऋतु की सबसे ठंडी रही है। अधिकतम तापमान भी पिछले दिनों की अपेक्षा गिरा है। अगले कुछ दिनों में शीत लहर के प्रभाव से तापमान में और गिरावट के आसार बने हुए हैं।

सोमवार सुबह आमजन ने कुछ अधिक ठंड का अनुभव किया पूर्वान्ह होते होते सामने आया कि रात का न्यूनतम तापमान करीब एक डिग्री से अधिक गिरावट के साथ 9.6 डिग्री ही रहा है। सुबह देर तक ठंडी हवाओं का झोंका चलता रहा। इससे दिन में भी आमजन उनी वस्त्रों को पहने देखे गए। दिन का अधिकतम तापमान एक दिन पूर्व की अपेक्षा आधा डिग्री सेंटीग्रेड चढा है लेकिन शाम को शीत लहर रात बढने के साथ ही बढती जा रही थी। ऐसे में तापमान के गिरावट के साथ दर्ज होने के आसार बने हुए हैं।

उज्जैन में ऐसे रहे बीते 5 दिन-

दिनांक               न्यूनतम     अधिकतम

13-11-25       10.7      30.0

14-11-25        11.8     29.0

15-11-25        11.7     28.0

16-11-25        10.5     27.7

17-11-25         9.6      28.0

स्त्रोत-शासकीय जीवाजी वेधशाला,उज्जैन। नोट –तापमान के आंकडे सेंटीग्रेड में हैं।

कुछ ऐसा रहा तापमान –

शासकीय जीवाजी वेधशाला से जारी विज्ञप्ति के अनुसार सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 9.6 एवं दिन का अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया है। आर्द्रता सुबह 76 एवं शाम को 34 प्रतिशत रही है।

इसलिए गिरा तापमान-

उत्तर भारत में हिमालय क्षेत्र में बराबर बर्फबारी दर्ज की जा रही है। वहां से उत्तर-पूर्व की ठंडी हवाएं वेग के साथ चल रही है। इससे मालवा सहित प्रदेश भर में ठंड का असर बढ़ गया है। मौसम सूखा ही है और तापमान सामान्य से कम है। इससे प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से कम ही चल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बन गई है। इनमें धार, इंदौर, देवास, शाजापुर, राजगढ़, सीहोर, भोपाल, शिवपुरी, रीवा और सतना शामिल है। उत्तरी हवा के कारण प्रदेश में शीतलहर से ठंड ने नवंबर महीने के कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रविवार-सोमवार की रात भोपाल का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 30 नवंबर 1941 को तापमान 6.1 डिग्री था। मौसम विभाग ने और ठंड की चेतावनी दी है।

अगले 24 घंटों में गिरेगा तापमान-

मौसम विभाग विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले 24 घंटों में तापमान और गिर सकता है। साफ आसमान रात को ठंड बढ़ा देता है। सुबह बर्फीली हवा का असर बढ़ता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड कुछ और दिन जारी रहेगी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment