भावांतर पर उपज बेचने वालों को 7 नवंबर का इंतजार माडल भाव से पता चलेगा घाटा हुआ या फायदा

 

उज्जैन। कृषि उपज मंडियों में भावांतर भुगतान योजना में सोयाबीन की खरीदी शुरू हो गई है। लेकिन, इसके मॉडल भाव तय नहीं हुए हैं। ये भोपाल में 06 नवंबर की रात 12 बजे तय होंगे और पोर्टल पर जारी होंगे। इससे किसान असमंजस की स्थिति में है। उन्हें 07 नवंबर को पता चलेगा कि अंतर की राशि कितनी मिलेगी और उन्हें फायदा होगा या नुकसान।

दरअसल योजना में जो किसान उपज बेचेंगे उन्हें मॉडल भाव और समर्थन मूल्य के बीच की राशि का भुगतान होना है। जैसे यदि सरकार ने मॉडल रेट 4200 रुपए प्रति क्विंटल तय किया और किसानों की सोयाबीन 4200 रुपए या इससे अधिक भाव में बिकी तो उन्हें तो फायदा है। वहीं यदि किसी किसान की सोयाबीन 3800 से 4000 रुपए प्रति क्विंटल बिकी है तो उन्हें नुकसान होगा। क्योंकि, किसानों को मॉडल भाव 4200 से एमएसपी 5328 के बीच की राशि 1128 रुपए का भुगतान किया जाएगा। किसानों को फायदा या घाटा मॉडल भाव पर निर्भर करेगा। बता दे कि भावांतर भुगतान योजना में 24 अक्टूबर से खरीदी शुरू हुई है जो 15 जनवरी तक चलेगी। इसके लिए जिले में एक लाख 13 हजार के करीब किसानों ने पंजीयन कराया है। इसके आधार पर ये किसान मंडी और उप मंडियों में सोयाबीन बेच पा रहे है।

 

शासन को खोलना चाहिए मॉडल भाव…

 

किसानों ने बताया कि सरकार ने भावांतर योजना में खरीदी शुरू कर दी। लेकिन, मॉडल भाव तय नहीं किए। जबकि, सरकार को पहले ही बता देना चाहिए कि किसानों को योजना में सोयाबीन बेचने पर कितनी राशि मिलेगी। यह किसानों के साथ धोखा है। क्योंकि, कई किसानों की उपज 3800 से 4000 रुपए क्विंटल बिक रही है। यदि मॉडल भाव 4500 रुपए खुला तो किसानों को घाटा होगा।

 

भोपाल से तय होंगे मॉडल भाव…

 

मॉडल भाव भोपाल से तय होंगे। मंडी वालों को मॉडल भाव दिखता है। लेकिन, हमारे पास सिस्टम नहीं है। मंडी प्रशासन ने बताया कि प्रदेश स्तर पर मॉडल भाव 06 नवंबर की रात 12 बजे जारी होंगे और 07 नवंबर को पोर्टल पर नजर आएंगे। सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतर की राशि का भुगतान होगा।

7 नवंबर के बाद प्रतिदिन माडल रेट सामने होंगे-

भावांतर में माडल रेट को लेकर उप संचालक कृषि उम्मेद सिंह तोमर बताते हैं कि 7 नवंबर को राज्य स्तर पर विक्रय उपज के आधार पर माडल रेट भोपाल में तय फार्मुला से निकाले जाकर पोर्टल पर अपडेट होंगे। इसके बाद प्रति दिन माडल रेट पोर्टल पर अपडेट होते रहेंगे।

 

व्यापारी भी हैरान-

 

मंडियों में उपज बेचने आ रहा किसान तो माडल रेट को लेकर हर दिन भगवान से प्रार्थना कर रहा है और हैरान परेशान भी है। इसे लेकर मंडियों में खरीदी करने वाले व्यापारी भी हैरान हैं। व्यापारियों के अनुसार किसान हमसे पूछ रहे हैं कि अंतर की राशि कितनी मिलेगी। माडल रेट से कैसे अंतर निकलेगा जैसे अनेकों सवाल किसानों के होते हैं । अब मॉडल भाव की सूची जारी होने पर ही हम भी अंतर की राशि बता पाएंगे ,तब तक तो हमारे लिए भी यह अबुझ पहेली जैसा ही है।

 

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment