भाजपा सरकार की आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपैया : कमलनाथ

ब्रह्मास्त्र इंदौर

पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने मध्य प्रदेश की वित्तीय स्थिति को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था इस कदर बिगड़ चुकी है कि अब सरकार की आय और व्यय में भारी असंतुलन पैदा हो गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में सरकार ने 5200 करोड़ रुपये का नया कर्ज लिया है, जिससे प्रदेश पर कुल कर्ज की राशि 4.60 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि राज्य का बजट 4.21 लाख करोड़ रुपये का है।

कमलनाथ ने आरोप लगाया कि प्रदेश की वित्तीय व्यवस्था आमदनी अठन्नी और खर्चा रुपैया जैसी हो चुकी है। कांग्रेस नेता ने कहा कि अब प्रदेश पर जितना कर्ज है, वह एक साल की कुल आय से भी अधिक हो चुका है। बजट और कर्ज के बीच करीब 40 हजार करोड़ रुपये का अंतर है, और कई बार सरकार को कर्ज का ब्याज चुकाने के लिए भी नया कर्ज लेना पड़ता है।कमलनाथ ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर आर्थिक स्थिति के बावजूद भाजपा सरकार अपने ऐशोआराम पर खर्च करने से नहीं चूक रही। उन्होंने कहा कि सरकार ने कर्ज में डूबे प्रदेश में नया हवाई जहाज खरीदने का फैसला किया है, मंत्रियों के बंगले और आयोजनों पर पैसा लुटाया जा रहा है।

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भारी कर्ज के बावजूद लाड़ली बहनों को वादे के मुताबिक तीन हजार रुपये प्रतिमाह नहीं मिल रहे और किसानों को भी तय समर्थन मूल्य नहीं दिया जा रहा है। बेरोजगारों को नौकरी नहीं मिल रही और छात्रवृत्तियां अटक गई हैं। कमलनाथ ने कहा कि यह सब भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन का नतीजा है, जहां जनता का पैसा मनमर्जी से फिजूलखर्ची में उड़ाया जा रहा है।

 

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment