ब्रह्मास्त्र उज्जैन
सोमवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय के सभाकक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आगामी 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किए जाने वाले सेवा पखवाड़ा अभियान की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, उपाध्यक्ष शिवानी कुंवर, संजय अग्रवाल, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, प्रभारी सीईओ जिला पंचायत प्रथम कौशिक, रूप पमनानी, राजेन्द्र भारती समस्त पार्षद, विभिन्न समाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
बैठक में सेवा पखवाड़ा अभियान की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी गई कि प्रदेश में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाडा अभियान वृहद स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य जनभागिदारी से स्वच्छता, सेवा और जन कल्याणकारी कार्यक्रमों को व्यापक स्वरूप देना है। साथ ही नागरिकों में स्वच्छता, सेवा और सामुदायिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना है।
इस अभियान में आम जन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास तथा वोकल फॉर लोकल की भावना को सशक्त करना है। अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर के मध्य जिले के निर्धारित स्वास्थ्य केन्द्रों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
साथ ही जिला मुख्यालय, समस्त नगरीय निकाय, समस्त जनपद, समस्त ग्राम पंचायतों में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जाएगा। जिले के समस्त स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जाऐंगे। आगामी 21 सितम्बर को आत्मनिर्भर भारत विकसित भारत थीम पर आधारित नमो मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 25 सितम्बर को जिला मुख्यालय, समस्त नगरीय निकाय, समस्त मुख्यालय, जनपद, समस्त ग्राम पंचायतों के मुख्यालयों पर वृहद स्तर पर एक पेड़ माँ के नाम और एक बगिया माँ के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर 27 और 28 सितम्बर को दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों पर 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक महिला स्वसहायता समूह और स्थानीय कारिगरों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी का आयोजन वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जाएगा।
