उज्जैन। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम से लौट रहे भापजा नेता पर चार पहिया गाड़ी से आये कुछ लोगों ने पहले उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोका और बाद में हथियारों से हमला कर दिया। घटनाक्रम के बाद से ही हमला करने वालों की पुलिस तलाश कर रही है। 2 नाम सामने आये है। जिनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों के गिरफ्त में आने पर उनके साथियों की जानकारी सामने आ पायेगी।
जानलेवा हमला घट्टिया थाना जनपद अध्यक्ष प्रतिनिध और भाजपा नेता ईश्वरसिंह कराड़ा निवासी ग्राम खजूरिया पर हुआ है। पुलिस के अनुसार वह स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे, उसी दौरान आगररोड पर राजा ढाबा के आगे उनकी गाड़ी को तेजगति से आई गाड़ी ने टक्कर मारी। दुर्घटना होते ही टक्कर मारने वाली गाड़ी से 5 लोग नीचे उतरे और उन्होने भाजपा नेता पर हथियारों से हमला कर दिया। भाजपा नेता के साथ उनके साथी राकेश गुर्जर, सचिन गुर्जर भी मौजूद थे, उन्होने बीच-बचाव किया तो हमलावरों ने उन्हे भी जान से मारने की नियत से हमला किया। यहीं नहीं भाजपा नेता की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर भाग निकले। घटनाक्रम सामने आने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल भाजपा नेता और साथियों को उपचार के लिये उज्जैन पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि हमला करने वालों सतीश मीणा और प्रकाश मीणा का नाम सामने आया। जिनके साथ 3 अन्य साथी भी थे। घट्टिया थाना प्रभारी करण खोवाल के अनुसार मामले में पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 126 (2), 296, 115 (2), 324 (5), 3 (5) में प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की गई है। जानकारी यह भी सामने आई कि हमला पुरानी रंजीश को लेकर किया गया। पूर्व में गुराड़िया गुर्जर में जमीन को लेकर विवाद हो चुका था।
भाजपा नेता पर जानलेवा हमला करने वालों की तलाश
