मन्दसौर। मल्हारगढ़ थाना पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर चोरी की कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।घटनाक्रम के अनुसार, बीती 8 जुलाई 2026 को स्टेशन रोड मल्हारगढ़ निवासी रामचंद्र पिता रामलाल गुप्ता ने थाने पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर से बाइक क्र. एमपी 14 एमएच 4277 चोरी हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल ले जाता हुआ दिखाई दिया।सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ढिकनिया (थाना पिपलिया मंडी) निवासी 26 वर्षीय केसरीमल पिता लाभचंद पंवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने बाइक चोरी करना कबूल किया। इसके साथ ही चोरी की बाइक खरीदने वाले सह-आरोपी 35 वर्षीय नितेश पिता गोपाल सोलंकी निवासी ढिकनिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने क्षेत्र से अन्य वाहन चोरी करना भी स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर कुल 5 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं, जिनमें पैशन प्रो, बजाज डिस्कवर, एक्टिवा स्कूटी, हीरो एचएफ डिलक्स और बजाज पल्सर शामिल हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य मामलों के संबंध में भी गहन अनुसंधान कर रही है।
5 चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार