April 26, 2024

कानड़। पवित्र सावन माह में भोले की भक्ति का अनोखा नजारा आज नगर में देखने को मिला। बुधवार को बाबा भूतेश्वर भक्त मंडल द्वारा विशाल कलश यात्रा का अयोजन किया गया, जिसमे बढ़ चढ़कर महिलाओं ने हिस्सा लिया।
बुधवार को बाबा भूतेश्वर भक्त मंडल के आव्हान पर नगर में बैंड बाजे के साथ विशाल कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बडी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया साथ ही नगर में ऐतिहासिक कलश यात्रा निकली गई। कलश यात्रा का शुभारंभ बुधवार को प्रात: 11 बजे नगर के प्राचीन भेलेनाथ के मंदिर शिवडेरा से हुआ, जहां यात्रा के लिए सभी महिलाएं एकत्रित हुई। महिलाओं द्वारा शिवडेरा से कलश में जल भरकर कलश को अपने सर पर रखकर नगर से लगभग तीन किलोमीटर दूर शिव पहाड़ी स्थित बाबा भूतेश्वर महादेव का जलाभिषेक कलश के जल से किया गया। कलश यात्रा शिवडेरा से शुरू होकर कन्या शाला, बजरंग मोहल्ला, गणेश चौक, दयानन्द मार्ग, पुराना बस स्टैंड से रायपुरिया रोड होते हुए शिव पहाड़ी पहुंची। शिव पहाड़ी पहुंचने के बाद महिलाओं द्वारा बाबा भूतेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ ही बच्चे व नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। साथ ही बाबा भूतेश्वर भक्त मंडल के सदस्यों द्वारा पूरे मार्ग में कलश यात्रा को सुचारू रूप से संचालित किया गया।