20 किलो ब्राउन शुगर के साथ अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार 2 वाहन व 7 मोबाइल जब्त

उज्जैन / मंदसौर। नईआबादी मंदसौर थाना पुलिस ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय ड्रग्स तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फिलहाल फरार है। पकड़े गए तस्करों के कब्जे से 20 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर/स्मैक), तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो चार पहिया गाड़ियाँ और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
एसपी विनोद कुमार मीणा ने प्रेसवार्ता में उक्त मामले का खुलासा किया। जिस अनुसार नई आबादी पुलिस को 31 मई को इस तस्करी के संबंध में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही एसपी श्री मीणा द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस विशेष टीम ने रणनीतिक रूप से घेराबंदी करते हुए संदिग्ध वाहनों को रोका और तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में यह अवैध ड्रग्स बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना नई आबादी पर धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी और पायलटिंग में प्रयुक्त कुल दो चार पहिया वाहन (एक सुजुकी एस क्रॉस कार और एक हुंडई क्रेटा कार) व सात मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इन मोबाइलों का तकनीकी और साइबर विश्लेषण करवा रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
पकड़े गए आरोपियों में गिरफ्तार आरोपियों में हेमंत (50) पिता पूनम चंद्र वर्मा निवासी सृष्टि परिसर भानगढ़ का रोड इंदौर, मोना (48) पति स्व. रमेश सेन निवासी नंदा नगर पाटनीपुरा इंदौर, राहुल (36) पिता लक्ष्मण लाल मीणा, जितेंद्र उर्फ कारू (35) पिता मांगीलाल मीणा  दोनों निवासी माली खेड़ा प्रतापगढ़ राज., सुभाष उर्फ पिंटू (46) पिता भंवरलाल नाहर जाति गुर्जर निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी प्रतापगढ़ राज है। इस मामले में प्रतापगढ़ का ही रहने वाला एक अन्य आरोपी अजीज उर्फ एजाज फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय होकर बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके सप्लायर नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन (मनी ट्रेल) के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment