उज्जैन। मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) एक बार फिर भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन करने जा रहा है। यह विशेष ट्रेन 15 सितंबर 2026 को इंदौर से “पुरी, गंगासागर के साथ गया, वाराणसी एवं रामलला दर्शन यात्रा” के लिए रवाना होगी। इस यात्रा के माध्यम से उज्जैन सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों के यात्री एक ही पैकेज में देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे।
शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर के वरिष्ठ कार्यकारी राहुल होल्कर ने बताया कि 10 रात और 11 दिन की इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धालुओं को पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी तथा अयोध्या के प्रमुख धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
उज्जैन सहित इन स्टेशनों से मिलेगी बोर्डिंग की सुविधा
भारत गौरव पर्यटक ट्रेन इंदौर से रवाना होकर उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और अनूपपुर स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इन सभी स्टेशनों से यात्री ट्रेन में सवार हो सकेंगे, जिससे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को यात्रा का लाभ मिलेगा।
तीन श्रेणियों में उपलब्ध है यात्रा पैकेज
यात्रा के लिए अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार शुल्क निर्धारित किया गया है—
स्लीपर (इकोनॉमी): ₹19,600 प्रति व्यक्ति
3 एसी (स्टैंडर्ड): ₹31,850 प्रति व्यक्ति
2 एसी (कम्फर्ट): ₹41,900 प्रति व्यक्ति
पैकेज में शामिल रहेंगी सभी प्रमुख सुविधाएं
आईआरसीटीसी के इस सर्वसमावेशी पैकेज में विशेष एलएचबी रेक से रेल यात्रा, यात्रा के दौरान भोजन, स्थानीय परिवहन के लिए गुणवत्तापूर्ण बसों की व्यवस्था, होटल में ठहरने की सुविधा, टूर एस्कॉर्ट, यात्रा बीमा, सुरक्षा व्यवस्था तथा हाउसकीपिंग जैसी सेवाएं शामिल रहेंगी। इससे यात्रियों को अलग-अलग व्यवस्थाएं करने की आवश्यकता नहीं होगी।
ऑनलाइन और कार्यालयों से कर सकते हैं बुकिंग
इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट तथा अधिकृत एजेंटों के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं। इसके अलावा इंदौर, भोपाल, जबलपुर और नागपुर स्थित आईआरसीटीसी कार्यालयों से भी यात्रा संबंधी जानकारी और बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को संगठित और सुविधाजनक बनाना है। एक ही पैकेज में यात्रा, आवास, भोजन, स्थानीय परिवहन और सुरक्षा जैसी सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध होने से यह योजना विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, परिवारों और समूह में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए लाभकारी है । उज्जैन सहित मध्यप्रदेश के कई प्रमुख स्टेशनों से बोर्डिंग की सुविधा मिलने से इस यात्रा की पहुंच और भी व्यापक हो गई है।