हाकाल मंदिर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था फिर पुराने ढर्रे पर लौटी महाकाल मंदिर तरफ जाने वाले अधिकांश मार्गों पर लग रहा है जाम ई-रिक्शा, ऑटो और मैजिक सहित अन्य वाहन कहीं भी घुस जाते है, संकरी गलियों में भी वाहनों की कतार

उज्जैन। महाकाल मंदिर की ओर जाने वाले अधिकांश मार्गों पर एक बार फिर यातायात व्यवस्था बिगड़ने लगी है। प्रमुख मार्गों से लेकर तंग और संकरी गलियों तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। ई-रिक्शा, मैजिक, ऑटो रिक्शा सहित अन्य वाहन चालक यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं और जहां जगह मिल रही है, वहीं वाहन घुसा दिए जा रहे हैं। इसके चलते महाकाल क्षेत्र में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है और वाहन आपस में गुत्थम-गुत्था होते नजर आते हैं।
दरअसल, पिछले दिनों महाकाल मंदिर के आसपास की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया था। ई-रिक्शा और अन्य वाहनों के लिए कुछ मार्ग निर्धारित किए गए थे तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। इन व्यवस्थाओं का असर भी देखने को मिला था और महाकाल मंदिर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों के साथ ही आसपास की गलियों में लगने वाले जाम से लोगों को काफी हद तक राहत मिली थी।
लेकिन अब एक बार फिर यातायात व्यवस्था पुराने ढर्रे पर लौटती दिखाई दे रही है। ई-रिक्शा, ऑटो और मैजिक चालक निर्धारित मार्गों का पालन करने के बजाय कहीं भी वाहन लेकर पहुंच रहे हैं।
संकरी गलियों में भी वाहनों की लंबी कतारें…
 इससे महाकाल क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर जाम लगने के साथ ही संकरी गलियों में भी वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।
गुदरी चौराहा, महाकाल चौराहा, कोट मोहल्ला चौराहा और लोहे के पुल सहित आसपास के क्षेत्रों में स्थिति अधिक खराब बनी हुई है। यहां मुख्य मार्गों के साथ-साथ संकरी गलियों में भी बड़ी संख्या में ई-रिक्शा और ऑटो खड़े या चलते हुए नजर आते हैं। इनके कारण अन्य वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती और देखते ही देखते जाम की स्थिति बन जाती है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment