दैनिक अवंतिका उज्जैन।
उज्जैन में गुरुवार को गुरु पूर्णिमा पर्व पर प्रसिद्ध सांदीपनि आश्रम में बच्चों को परंपरागत रूप से पूजन कराकर विद्या आरंभ की रस्म कराई गई। वहीं भर्तृहरि गुफा में गुरु गोरक्ष नाथ जी का अभिषेक-पूजन किया गया। दादूराम आश्रम में भी गुरु पूजन के लिए सैकड़ों भक्त उमड़े।
मंगलनाथ मार्ग स्थित भगवान श्री कृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि आश्रम में सुबह से माता-पिता अपने बच्चों को लेकर विद्यारंभ संस्कार के लिए उमड़े। पुजारी रूपम व्यास, राहुल व्यास ने बताया कि सुबह महर्षि सांदीपनि, भगवान श्रीकृष्ण और बलराम की प्रतिमाओं का जलाभिषेक, शृंगार कर ध्वजा बदली गई। बच्चों का स्लेट पाटी रखकर पूजन कराया गया। शिप्रा तट स्थित भर्तृहरि गुफा में सुबह 6 बजे पीठाधीश्वर योगी पीर महंत श्री रामनाथ जी महाराज के सानिध्य में गुरु गोरक्षनाथ, राजा भर्तृहरि एवं गोपीचंद का अभिषेक-पूजन हुआ। अखंड धुना चेतन किया गया। सुबह 10 बजे बाद भैरवगढ़ स्थित मां बगलामुखी धाम मंदिर पर गुरु पूजन आरंभ हुआ व दिनभर शिष्यगणों ने गुरुजी का पूजन कर आशीर्वाद लिया। श्री संत दादू दयाल गुरुकुल दादूराम आश्रम सदावल रोड पर महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञान दास जी महाराज के सानिध्य में अभिषेक, हवन व आरती पश्वात गुरु पाद पूजन व भंडारा हुआ। गुरु भक्तों को पर्यावरण की रक्षा के लिए पौधे लगाने तथा शिप्रा शुद्धिकरण का संकल्प कराया गया।
