उज्जैन। गुरूवार को महापौर मुकेश टटवाल ने सिंधी कॉलोनी चौराहा से नीलगंगा तक तथा कोयला फाटक से निजातपुरा, कंठाल चौराहा होते हुए सती गेट तक के मार्गों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। सिंधी कॉलोनी चौराहा से नीलगंगा तक चल रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य धीमी गति से होना सामने आने पर ठेकेदार पर 5 लाख पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।सिंधी लगभग 900 मीटर लंबाई के इस मार्ग को 30 मीटर चौड़ा किया गया है। मार्ग पर सेंट्रल लाइटिंग एवं डिवाइडर सहित अन्य कार्य किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान कार्य की गति धीमी पाए जाने पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार पर 5 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराया जाए। इसके पश्चात महापौर ने कोयला फाटक से निजातपुरा, कंठाल चौराहा एवं सती गेट तक के मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर अतिक्रमण किए जाने तथा गैरेज संचालकों द्वारा सड़क पर वाहन खड़े किए जाने की स्थिति सामने आई, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।