इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में मायके में रह रही एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, स्कीम नंबर-136 निवासी दीपिका वाघला (32) पत्नी दिलीप वाघला ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों ने बताया कि दीपिका दोपहर में कमरे में आराम करने गई थी। रविवार देर शाम तक वह बाहर नहीं आई तो उसकी मां ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।इसके बाद पिता और छोटी बहन कमरे के पास पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने दरवाजे का लॉक तोड़ा। अंदर जाकर देखा तो दीपिका फंदे पर लटकी हुई थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।तीन बच्चों की मां थी दीपिका-परिजनों के मुताबिक दीपिका की शादी करीब 12 साल पहले अलीराजपुर में हुई थी। उसके पति एक एनजीओ में काम करते हैं। गर्मी की छुट्टियों के चलते वह करीब एक महीने पहले अपने तीन बच्चों के साथ इंदौर स्थित मायके आई थी। घटना के समय उसके बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे।सुसाइड नोट नहीं मिला-परिजनों ने किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने से इनकार किया है। शुरुआती स्तर पर आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है, हालांकि परिजनों ने इस संबंध में खुलकर कुछ नहीं कहा है।
मायके में महिला ने फांसी लगाई : पारिवारिक कलह की आशंका; पुलिस कर रही जांच