माकडोन में किसान पर सियार ने किया हमला

उज्जैन। रात में खेत पर पाणत करने गये किसान पर सियार ने हमला कर दिया। सोमवार सुबह किसान को घायल हालत में उज्जैन लाया गया। चरक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
माकडोन के ग्राम बगवाड़ा में रहने वाला किसान बालू पिता बापूसिंह प्रजापति 47 साल रविवार रात खेत पर पाणत करने गया था। देर रात तक उसने पाणत की और 3 बजे आराम करने के लिये खेत में ही लेट गया। उसी दौरान अचानक आये सियार ने हमला कर दिया। किसान ने बचने का प्रयास किया और शोर मचाया। आसपास खेतों से ग्रामीण पहुंचते सियार ने किसान को बुरी तरह घायल कर दिया था। परिजनों को खबर मिली तो वह खेत पर पहुंचे और तड़के उपचार के लिये चरक अस्पताल लेकर आये। घायल किसान ने बताया कि करीब 15 से 20 मिनट तक सियार के साथ संघर्ष किया, आवाज सुनकर आसपास से लोगों पहुंचे तो सियार खेत की दूसरी ओर भाग निकला। हमले में किसान का चेहरा और हाथ जख्मी हुए है। ग्रामीणों का कहना था कि पहले भी सियार को हमला हो चुका है। जिसकी जानकारी वन विभाग को दी गई थी। लेकिन अब तक सियार को पकड़ा नहीं गया है। एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में घूमता रहता है। मामले में माकडोन थाना प्रभारी का कहना था कि घटना की जानकारी किसान को उज्जैन ले जाने के बाद मिली थी। किसी ने भी कार्रवाई के लिये शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment