सुसनेर। भगवान परशुराम प्राकट्य उत्सव के पावन अवसर पर नगर के श्रीराम मंदिर धर्मशाला परिसर में भव्य एवं श्रद्धापूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में धार्मिक गतिविधियों का क्रम प्रारंभ हो गया था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण पूर्णत: भक्तिमय बना रहा और जय श्री परशुराम के जयकारों से परिसर गूंजता रहा।कार्यक्रम के अंतर्गत भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। कपिल पंचोली द्वारा विशेष पूजन कर समाज की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की गई। पूजा का संपूर्ण विधि-विधान पंडित गोविंद शर्मा द्वारा संपन्न कराया गया। इसके पश्चात महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने भावपूर्वक भाग लिया और भगवान की आराधना की।
महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसादी का वितरण किया गया। आयोजन में ब्राह्मण समाज के लोगों की विशेष उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम के जीवन आदर्शों को स्मरण करते हुए समाज में धर्म, सत्य एवं न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने भगवान परशुराम के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। आयोजन को सफल बनाने में सकल ब्राह्मण समाज, सुसनेर का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर पंडित घनश्याम शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष प्रदीप सोनी, पार्षद प्रतिनिधि युगल किशोर परमार, राहुल सिसोदिया सहित ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ सदस्य गोवर्धन शुक्ला, मुकेश हरदेनिया, युगल किशोर शर्मा, ईश्वर शर्मा, जितेंद्र शर्मा, रामबाबू त्रिवेदी, मांगीलाल शर्मा, मनोज शर्मा, जयराज शर्मा, मनु शर्मा, गौरव शर्मा, कार्तिक शर्मा आदि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।