आगर मालवा।इंदौर-कोटा नेशनल हाईवे पर सुसनेर मार्ग स्थित कटन के समीप देर रात करीब 3 बजे सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 24 वर्षीय दशरथ चौहान और उनके छोटे भाई 19 वर्षीय प्रधान चौहान, निवासी ग्राम श्यामपुरा, सुसनेर के रूप में हुई है। दोनों भाई उज्जैन में एक निजी दुकान पर कार्यरत थे। होली का त्योहार मनाने के लिए वे देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे बोलेरो वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने के बाद उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल पहुंचाकर पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद परिजन को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा बोलेरो वाहन और उसके चालक को कोतवाली थाने लाया गया है।परिजन के अनुसार परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ है। बड़े भाई कुशाल ने बताया कि वे चार भाई थे। करीब पांच वर्ष पूर्व सबसे बड़े भाई लालाराम की कुएं में गिरने से मृत्यु हो गई थी। गत वर्ष उनके पिता का भी देहांत हो चुका है। मृतक दशरथ अपने पीछे एक वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं, जबकि प्रधान अविवाहित थे। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।
बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत