उज्जैन। मेडिकल पर काम करने वाले कर्मचारी द्वारा लाखों की आयुर्वेदिक दवा ठिकाने लगा दी थी। मेडिकल संचालक की शिकायत पर पुलिस ने अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज किया है। लेकिन आरोपी कर्मचारी सोमवार तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका था।
माधवनगर थाना पुलिस द्वारा 3 अक्टूबर को सतीगेट पर रहने वाले रोमेश शर्मा की शिकायत पर उनके मेडिकल धनवंतरी आयुर्वेदिक पर काम करने वाले कर्मचारी राकेश सोलपंखी के खिलाफ लाखों की आयुर्वेदिक दवा ठिकाने लगाकर अमानत में खयानत करने का प्रकरण दर्ज कराया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर राकेश निवासी वृदांवनधाम की तलाश शुरू की थी लेकिन सोमवार तक वह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका। बताया जा रहा है कि रोमेश शर्मा फ्रीगंज और सतीगेट पर मेडिकल संचालित करते है। राकेश उनके यहां 6 सालों से काम कर रहा था। लेकिन कुछ माह पहले जब हिसाब का मिलान किया गया तो 50 लाख से अधिक की दवाओं की हेराफेरी सामने आई। मेडिकल और गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे देखने पर राकेश दवाईयोंं का स्टॉक निकालते दिखाई दिया था। उससे पूछताछ की गई तो पहले उसने दवाईयों के पैसे लौटाने की बात कहीं और फिर काम छोड़कर भाग गया था। पुलिस द्वारा उसके ठिकानों का पता लगाकर गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।
बर्थडे कार्यक्रम में आयोजित बफेट डिनर के दौरान खाना गर्म करने के लिये लगाई गई जेल फ्यूल केन में सोमवार रात ब्लास्ट हो गया। 2 युवक झुलस गये। दोनों को देर रात चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि कानीपुरा मार्ग तिरूपतिधाम कालोनी में रहने वाले कालूराम की पुत्री का जन्मदिन था। बर्थडे पार्टी के साथ सुन्दरकांड का पाठ रखा गया था। इस दौरान बफेट डिनर भी था। परिवार के कई सदस्य शामिल हुये थे। रात 10.30 बजे डिनर के दौरान स्टॉल पर खाना गर्म करने के लिये जेल फ्यूल जलाई गई थी। जिसकी केन में अचानक ब्लास्ट हो गया और परिवार के 2 सदस्य मालाराम पिता अशोक राम और गणेश पिता अरमानराम झुलस गये। कार्यक्रम के दौरान अफरा-तफरी मच गई। दोनों को तत्काल चरक अस्पताल लाया गया। परिजनों ने बताया कि दोनों पाइप फैक्ट्री चौराहा पर रहने वाले है और श्री शक्ति जोधपुर स्वीट्स दुकान पर काम करते है, जो परिवार की है। कार्यक्रम उनके भाई के यहां आयोजित किया गया था। दोनों के झुलसने की सूचना अस्पताल स्टॉफ द्वारा चिमनगंज थाना पुलिस को दी गई है।
बर्थडे कार्यक्रम में जेल फ्यूल केन में ब्लास्ट, 2 झुलसे,दवा ठिकाने लगाने वाला कर्मचारी पुलिस की गिरफ्त में नहीं