पांच सौ रूपये लेकर जमानत देने पहुंचा था न्यायालय
– पूछताछ में पकड़ाया, पुलिस ने लिया रिमांड पर
उज्जैन। बिजली विभाग के प्रकरण में आरोपी बनाये गये युवक की जमानत देने के लिये 500 रूपये लेकर न्यायालय के साथ छल करने वाला पूछताछ में पकड़ा गया। न्यायालय की ओर से पुलिस को शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने गलत तरीके से जमानत देने वाले को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की है।
माधवनगर थाना एसआई अंकित बनोधा ने बताया कि न्यायालय में बिजली विभाग द्वारा बनाये गये प्रकरण में सलमान को आरोपी बनाया था। जिसकी मंगलवार को न्यायालय में पेशी थी। सलमान ने अपनी जमानत के लिये लक्ष्मण पिता मन्ना भूरिया निवासी नौगांव कालिया झाबुआ के नाम की भूअधिकार एवं ऋण पुस्तिका प्रस्तुत करवाई। न्यायालय ने जमानत देने वाले लक्ष्मण से से आरोपी को पहचानने का सवाल किया तो उसने पहचानने से इंकार कर दिया और बताया कि जमानत के लिये उससे पांच सौ रूपये मिले है। न्यायलय के साथ छल करने पर मामले की सूचना माधवनगर पुलिस को मिली। पुलिस ने विशेष एवं पंचम अपर सत्र न्यायाधीश परिसर पहुंचे जमानत देने वाले को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4) का अपराध दर्ज किया। बुधवार को उसे न्यायालय में पेश 1 दिन की पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया गया है। लक्ष्मण से पूछताछ में पता चला कि वह काम की तलाश में आया हुआ है। उसे एक व्यक्ति मिला था, उसने जमानत देने के लिये कहा था और रूपये दिये थे। एसआई बनोधा के अनुसार मामले में जांच की जा रही है। लक्ष्मण से पूछताछ में तथ्य सामने आने पर अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जायेगा।
पांच सौ रूपये लेकर जमानत देने पहुंचा था न्यायालय – पूछताछ में पकड़ाया, पुलिस ने लिया रिमांड पर