उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों का आगाज हो चुका है। आज पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता अवंतिका एक्सप्रेस ट्रेन के विशेष सैलून से उज्जैन पहुंचे। उनके साथ रेलवे के मंडल अधिकारी साथ आए थे। दोपहर में रेलवे के अवंतिका रेस्ट हाउस में मंडल रेल प्रबंधक अश्विन कुमार की तबीयत आकस्मिक बिगड गई। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उज्जैन के अवंति अस्पताल में भर्ती किया गया था। अपरांह में उन्हें इंदौर बाम्बे हास्पिटल के लिए रैफर कर दिया गया। जहां उनकी स्थिति स्थिर है ।
बुधवार को पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर निरीक्षण पर आए थे। विशेष सैलून से आए महाप्रबंधक के साथ उनका स्टाफ एवं रतलाम मंडल के अधिकारी भी उज्जैन स्टेशन पर उपस्थित थे। महाप्रबंधक ने भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए और उसके उपरांत रेलवे के मंडल अधिकारियों के साथ तेयारियों की समीक्षा की थी। दोपहर में मंडल रेल प्रबंधक अश्विन कुमार को चक्कर आने के साथ उल्टी और घबराहट की शिकायत हुई थी।
पहले अवंति फिर बाम्बे हास्पिटल रैफर-
रतलाम मंडल मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा.अशोक मालवीय के अनुसार इसकी जानकारी लगते ही उज्जैन स्टेशन डीएमओ डा. राजेश कुमार ने अवंतिका रेस्ट हाउस पर उनकी जांच की थी जिसमें उनका ब्लड प्रेशर लो आ रहा था ,तत्काल ही उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। कुछ देर बाद भी उनकी स्थिति में सुधार नहीं होने पर जरूरत के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक को उज्जैन के ही हरी फाटक फोर लेन मार्ग स्थित अवंति अस्पताल में भर्ती किया गया था। यहां डाक्टरों के चेकअप और उन्हें दवाई देने के बाद भी उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई थी जिस पर उन्हें इंदौर के बाम्बे हास्पिटल में रैफर लिया गया और वहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। डा. मालवीय के अनुसार श्री कुमार की स्थिति स्थिर और खतरे से बाहर है वे अभी आईसीयू में हैं और बोल नहीं पा रहे हैं।
जीएम ने समीक्षा की-
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री विवेक कुमार गुप्ता ने रतलाम मंडल के उज्जैन स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के साथ-साथ अन्य रेलवे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार, मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं निर्माण विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। जनसंपर्क अधिकारी पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल खेमराज मीणा के अनुसार अवंतिका कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के जरिए सिंहस्थ-2028 की तैयारियों, ट्रेन संचालन और विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत जानकारी महाप्रबंधक को दी गई।
सांसद से चर्चा,स्टेशनों का जायजा लिया-
श्री गुप्ता ने उज्जैन के सांसद अनिल फिरोजिया से भी भेंट कर उज्जैन क्षेत्र से जुड़ी रेलवे योजनाओं और सिंहस्थ की तैयारियों पर चर्चा की। महाप्रबंधक ने उज्जैन यार्ड में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। इसके साथ ही सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए उन्होंने उज्जैन, विक्रमनगर, पिंगलेश्वर, चिंतामन गणेश और नईखेड़ी स्टेशनों का भी जायजा लिया।
