सिंहस्थ की तैयारी में चौड़ी की गई सड़कें बनीं पार्किंग स्थल, होटल संचालकों का कब्जा

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है, ताकि यातायात सुगम हो और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। लेकिन चौड़ीकरण के बाद तैयार हुई सड़कें अब पार्किंग स्थल के रूप में इस्तेमाल होने लगी हैं। इंदौर रोड से लेकर नानाखेड़ा क्षेत्र तक कई मार्गों पर होटल संचालकों और बस संचालकों द्वारा सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग करवाई जा रही है। इसके चलते सड़क की चौड़ाई बढ़ने के बावजूद यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है। इंदौर रोड पर हरिफाटक पुल से महामृत्युंजय द्वार तक इस तरह का नजारा लंबे समय से देखने को मिल रहा है। इस मार्ग पर स्थित होटलों में ठहरने वाले कई लोग अपने वाहन होटल परिसर के बजाय सड़क पर ही खड़े कर देते हैं। जब तक वे होटल में ठहरते हैं, तब तक उनके वाहन सड़क पर ही पार्क रहते हैं। हरिफाटक पुल से मेघदूत तक सड़क के कई हिस्सों में दिनभर वाहन खड़े दिखाई देते हैं। इससे सड़क का उपयोग आवागमन के बजाय पार्किंग के लिए हो रहा है।
इसी तरह नानाखेड़ा तीन बत्ती चौराहे से शांति पैलेस की ओर जाने वाले मार्ग पर भी स्थिति अलग नहीं है। इस मार्ग की सड़क का एक हिस्सा तैयार होने के बाद उस पर आवागमन भी शुरू हो चुका है, वहीं इस मार्ग की सड़क के दूसरे हिस्से का निर्माण भी पूरा हो गया है। लेकिन इस सड़क का भी उपयोग पार्किंग के रूप में किया जा रहा है इस मार्ग स्थित होटल संचालक अपने यहां ठहरने वाले ग्राहकों के वाहन सड़क पर ही खड़े करवा रहे हैं। इससे होटल में आने वाले लोगों को पार्किंग की सुविधा तो मिल रही है, लेकिन सड़क पर वाहनों की मौजूदगी से यातायात प्रभावित हो रहा है।
नानाखेड़ा सिग्नल से सी-21 मॉल की ओर जाने वाले मार्ग पर भी यही स्थिति बनी हुई है। इस मार्ग का चौड़ीकरण कर सड़क को बेहतर बनाया गया था, लेकिन यहां दिनभर बसें खड़ी रहती हैं। बस संचालकों ने सड़क के कई हिस्सों को मानो पार्किंग स्थल बना रखा है। इसके कारण चौड़ी सड़क का बड़ा हिस्सा बसों के कब्जे में रहता है और अन्य वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है।
चौड़ीकरण का उद्देश्य हो रहा प्रभावित
शहर में सिंहस्थ की तैयारियों के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर प्रमुख मार्गों को चौड़ा किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यातायात का दबाव कम करना और वाहनों की आवाजाही सुगम बनाना है। लेकिन यदि चौड़ीकरण के बाद भी सड़कें होटल ग्राहकों के निजी वाहनों और बसों की पार्किंग के काम आती रहेंगी तो इन विकास कार्यों का वास्तविक लाभ लोगों को कैसे मिलेगा।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment