उज्जैन। नलियाबाखल में बुधवार-गुरूवार रात हुई युवक की हत्या में शामिल 2 नाबालिग और एक युवक को पुलिस ने चंद घंटों बाद हिरासत में ले लिया गया। पुरानी रंजिश में तीनों ने चाकूओं से हमला कर हत्या को अंजाम दिया था। चाकू मारने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि रविशंकर नगर ठाकुर चाट वाले के मकान में रहने वाले मोहित पिता प्रेमनारायण मंसोरिया 18 साल की रात 11.30 बजे के लगभग नलियाबाखल क्षेत्र के भैरू मंदिर के पास चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटनाक्रम के बाद पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर चाकू मारने वालों की तलाश शुरू की थी। गुरूवार सुबह हत्या में शामिल एकलव्य पिता विनोद शर्मा 19 साल निवासी नलियाबाखल और उसके 2 नाबालिग साथियों को हिरासत में ले लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उनके बीच पिछले 4-5 माह से विवाद चला आ रहा था। पूर्व में ताल-घूंसों से मारपीट हो चुकी थी। लेकिन मामला पुलिस थाने तक नहीं पहुंचा था। तीनों आरोपियों ने मोहित पर अलग-अलग चाकू से हमला किया था। थाना प्रभारी बादल के अनुसार तीनों से चाकू बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जायेगा। तीनों आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार करने के लिये एसआई जितेन्द्र झाला, एएसआई बलराम थिरोठा, चंद्रभानसिंह चौहान, प्रधान आरक्षक शैलेष योगी, आरक्षक गोपाल, शशांक, पंकज, दीपक पटेल, यादवेन्द्र की टीम बनाई गई थी। पूरी टीम ने रातभर हत्या करने वाले आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी और परिजनों के पूछताछ कर सुबह गिरफ्तार कर लिया।
सीसीटीवी कैमरे में दिखा घटनाक्रम
रात में हुई हत्या के बाद पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। जिसमें हत्या का पूरा घटनाक्रम दिखाई दिया। एक्टिवा से मोहित 2 दोस्त हर्ष और आदी के साथ नलियाबाखल जतिन के बुलाने पर पहुंचा था। जहां बातचीत के दौरान पीछे से एकलव्य आया और थप्पड़ मार दियाद्व जिसके बाद विवाद बढ़ गया। जतिन ने बीच-बचाव का प्रयास किया, तभी एकलव्य के 2 साथी आये और तीनों थप्पड़-लात से मारते हुए चाकू घोंप दिये। मोहित का 3 से 4 चाकू लगे और वह लहूलुहान हो गया। कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया। घायल मोहित को दोस्त हर्ष और आदी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों और साथियों का हंगामा
घटनाक्रम के बाद चरक अस्पताल से मोहित को निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। खबर मिले ही रात 12.30 बजे पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर मृतक के साथियों और परिजनों की भीड़ जमा हो गई, आरोप लगाया जाने लगा कि पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ रही है। हंगामे की खबर पर महाकाल टीआई गगन बादल, माधवनगर टीआई गजेन्द्र पचौरिया, कोतवाली टीआई दीनबंधुसिंह तोमर और पुलिस बल पहुंच गया। मामला शांत कराने के बाद पुलिस ने शिकायत के लिये परिजनों और दोस्तों को थाने बुलाया, वहां भी काफी देर तक हंगामा किया गया।
नलियाबाखल में हुई हत्या के आरोपी हिरासत में रंजिश में चाकूओं से किया था युवक पर हमला