दिन भर के बादल शाम को हल्के बरसे अरब सागर के तुफान का असर शहर में दिखा -हल्की बारिश में ही निचले क्षेत्रों में नालियां उफन पडी

 

उज्जैन। शुक्रवार से गहरा रहे बादल अंतत: शनिवार अपरांह् में बरस गए। हल्की बारिश से ठंड का असर गहरा गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अरब सागर में आया तुफान आगे बढा है, इसी के चलते यह बारिश हुई है। हल्की बारिश के दौर में ही शहर के निचले क्षेत्रों में नालियां उफन पडी और गंदगी सडकों पर बह निकली थी।

दीपावली के समय वर्षा के आसार बने थे लेकिन बारिश जैसा कुछ नहीं हुआ था। तत्कालीन स्थितियों में मौसम विभाग दीपावली पर बारिश को लेकर सूचना जारी की थी लेकिन दीपावली के पांच दिनों में ऐसा शहर सहित जिले में कहीं भी सामने नहीं आया था। शुक्रवार को बादलों ने रंग बदला था । बादलों ने शनिवार को अपना असर दिखाया और अपरांह् के समय बादल बरस पडे। हल्के स्तर पर हुई बारिश से शहर में ठंड का असर बढा हुआ देखा गया।

उमस एवं गर्मी से राहत-

पिछले दो-तीन दिन से शहर में उमस एवं गर्मी के हाल बने हुए थे। ठंड के दिनों में भी घरों में पंखे एवं कुलर की मदद आमजन को लेना पड रही थी। शनिवार अपरांह् हुई हल्की बारिश ने कुछ ही घंटों में मौसम में परिवर्तन की स्थिति बना दी। रात होते होते मौसम में ठंड का प्रभाव देखा गया है। इसके साथ ही हल्के कोहरे जैसे हालात भी बने थे।

अरब सागर के तुफान का असर-

शासकीय जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डा.आरपी गुप्त के अनुसार इसे मावठे की बारिश के हिसाब से न देखा जाए। असल में अरब सागर में उठा तुफान आगे बढा है। बंगाल की खाडी से लगाकर यहां तक नमी का क्षेत्र बना है। इसके चलते यह बारिश हुई है। संभवत: ऐसी हल्की वर्षा अभी एक दो दिन होने की संभावना बन रही है।

10 मिलीमीटर वर्षा-

शासकीय जीवाजी वेधशाला से जारी विज्ञप्ति के अनुसार शनिवार को अपरांह् में 10 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इसी के साथ मानसून काल से प्रथक कुल 21 मिली मीटर वर्षा अक्टूबर माह में दर्ज की गई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 22.4, अधिकतम 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।इस दौरान आर्द्रता सुबह 79 एवं शाम को 95 प्रतिशत दर्ज की गई है। इस दौरान हवा सुबह 4 एवं शाम को 6 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई है।

नालियों का गंदा पानी सडकों पर आया-

अपरांह् के समय से शुरू हुई बारिश शहर में अलग-अलग देखी गई कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश की स्थिति रही है। शहरी क्षेत्र में बारिश का असर तेज देखा गया। इसके चलते निचले क्षेत्रों में नालियां उफन पडी और उनसे गंदा पानी सडकों पर फैल गया। गंदगी से सडके सरोबार देखी गई। लाल मस्जिद क्षेत्र के साथ लक्कडगंज,कंगालपुरा,नई सडक पर गंदा पानी सडकों पर फैल गया था।

 

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment