उज्जैन। महाकाल दर्शन करने आ रहे परिवार के साथ ट्रेन में बड़ी वारदात हो गई। बदमाश महिला के हाथ से आभूषण से भरा पर्स छीनकर भाग निकला। मामला जीआरपी के पास पहुंचा तो जांच के लिये भोपाल जीआरपी को भेजा गया।
अमरावती का रहने वाला परिवार यशवंतपुरा-डॉ अम्बेडकर नगर एक्सप्रेस में सवार होकर महाकाल दर्शन करने उज्जैन आ रहा था। बुधवार-गुरूवार रात ट्रेन के सिहोर स्टेशन पहुंचने के दौरान रफ्तार कम हुई। उसी दौरान कोच एस-4 में अचानक एक बदमाश आया और परिवार की महिला आशा के हाथ से पर्स छीनकर वापस ट्रेन से कूदकर भाग निकला। परिवार ने शोर मचाया लेकिन बदमाश भाग निकला था। ट्रेन के उज्जैन पहुंचने पर परिवार ने मामले की शिकायत जीआरपी थाने पहुंचकर दर्ज कराई। पर्स में सोने की चार अंगूठी, चेन, कान के टॉप्स, मंगलसूत्र और 31 हजार रूपये नगद रखे थे। जीआरपी ने मामले में जीरो पर कायमी करते हुए जांच भोपाल जीआरपी को भेज दी। बताया जा रहा है कि आभूषण और नगदी की कुल कीमत 4 लाख से अधिक है।
ट्रेन में आभूषणों से भरा पर्स छीनकर भागा बदमाश