इंदौर। लसूड़िया इलाके में टाउनशिप में कार लेकर जबरन घुसने से रोकने पर चौकीदार को कार से कुचलकर मार डाला। विवाद के दौरान आरोपी ने पहले चौकीदार को थप्पड़ मारा। इसके बाद कार मोड़कर आया और चौकीदार और उसके रिश्तेदार को कुचल दिया।
इतने पर भी जी नहीं भरा तो आरोपी दोबारा कार लेकर लौटा और चौकीदार को फिर कुचलकर भाग निकला। गंभीर हालत में चौकीदार को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। हादसे में उसका रिश्तेदार भी घायल हुआ है।टीआई राजकुमार यादव के मुताबिक, घटना द एक्जोटिका टाउनशिप के गेट के पास बुधवार रात करीब 10 बजे की है। अरडिया गांव निवासी राजा उर्फ कमल कुमावत अपने दोस्तों के साथ कार लेकर टाउनशिप में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। वहां तैनात चौकीदार धर्मेंद्र पुत्र रामचंद मालवीय ने उसे रोक दिया। उस समय धर्मेंद्र के साथ उसका रिश्तेदार गोविंद भी मौजूद था।