इंदौर।इंदौर की जिला जेल में कैदियों तक चोरी-छिपे नशा पहुंचाने का मामला सामने आया है। मुख्य गेट पर तलाशी के दौरान एक जेल प्रहरी के कपड़ों और जूतों से नशीले पदार्थ और तंबाकू के पैकेट बरामद किए गए। अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद प्रहरी को जेल ड्यूटी से हटा दिया है। मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात उप जेलर राकेश उपाध्याय, चंद्रिका पटेल, नानूराम सोनी और विजय आर्य की ड्यूटी थी। रात करीब 2 बजे जेल प्रहरी देवेंद्र चौहान ड्यूटी पर पहुंचा। मुख्य गेट पर तैनात प्रहरियों ने तलाशी ली तो उसके अंडरगार्मेंट्स, अंदरूनी कपड़ों और जूतों में छिपाकर रखी गई चरस, बीड़ी और तंबाकू के पैकेट मिले।CCTV कैमरों के सामने हुई जब्ती-पूरी चेकिंग और जब्ती की प्रक्रिया जेल परिसर में लगे CCTV कैमरों की निगरानी में की गई। जेल अधीक्षक जवाहर मंडलोई ने बीड़ी और तंबाकू मिलने की पुष्टि की है, हालांकि चरस मिलने से इनकार किया है। वहीं, सूत्रों के मुताबिक, बरामद सामान में चरस भी शामिल थी।