इंदौर। वार्ड क्रमांक 52 में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान उस समय सियासी माहौल गरमा गया । जब आईडीए बिल्डिंग की महिलाओं ने स्थानीय पार्षद को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। महिलाओं का कहना था कि विधायक बाबा तो काम करते हैं, लेकिन पार्षद हमारी बात नहीं सुनते महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि पार्षद की ओर से कथित तौर पर यह कहा गया कि मुझे वोट थोड़ी दिया है, इसलिए काम क्यों करवाएं। शिविर में मंत्री तुलसी सिलावट महापौर पुष्यमित्र भार्गव कलेक्टर शिवम वर्मा, निगम आयुक्त सहित कई अधिकारी मौजूद थे। ऐसे में सामने आई शिकायत ने वार्ड की स्थानीय राजनीति को भी गरमा दिया। वहीं, पार्षद प्रतिनिधि सुदामा चौधरी ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे विपक्ष की राजनीति बताया। उन्होंने कहा कि उक्त क्षेत्र में ड्रेनेज का काम कराया गया है और साफ-सफाई भी लगातार हो रही है। चौधरी ने कहा कि वार्ड में साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं के मामले में लगातार काम किया जा रहा है। यदि काम नहीं हो रहा होता तो वार्ड की स्थिति भी खराब नजर आती। पार्षद के काम नहीं करने का आरोप केवल राजनीतिक विरोध के चलते लगाया जा रहा है। अब मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में उठी यह शिकायत वार्ड 52 की विकास राजनीति में नया मुद्दा बनती है या महज राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रहती है, यह आने वाला समय बताएगा।
जन विश्वास शिविर में वोट की सियासत पर बवाल :कहा-विधायक काम करते हैं, पार्षद नहीं सुनते