छतरपुर में किराएदार ने मकान मालकिन की हत्या की

छतरपुर में किराएदार ने मकान मालकिन की हत्या की

बेटी ने बचाने की कोशिश की तो उस पर भी हमला, आरोपी फरार; CCTV में कैद हुआ घटना का वीडियो

छतरपुर (मध्य प्रदेश) | 4 घंटे पहले

छतरपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। किराएदार ने मकान मालकिन की गले पर बका से हमला कर हत्या कर दी। महिला की बेटी ने जब बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी वार कर दिया। पूरी वारदात घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें आरोपी हत्या के बाद भागता हुआ नजर आ रहा है।

दोपहर 12:30 बजे हुई वारदात

घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे विश्वनाथ कॉलोनी की है। मृतका की पहचान शरमन पाठक (35) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल बेटी प्रियंका पाठक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोपी एक साल से रह रहा था किराए पर

पुलिस के अनुसार आरोपी महेश राय पिछले एक साल से शरमन पाठक के मकान में किराए पर रह रहा था। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।

लोन को लेकर था विवाद

बताया जा रहा है कि महेश राय की बेटी की किडनी खराब है और उसके इलाज के लिए उसने एक कंपनी से लोन लिया था। मकान मालकिन शरमन पाठक इस लोन में गवाह बनी थीं। वह आरोपी पर बार-बार कंपनी का पैसा चुकाने का दबाव बना रही थीं। इसी बात से नाराज़ होकर आरोपी ने हत्या कर दी।

रक्षाबंधन मनाने आई थी बेटी

शरमन पाठक के दो बेटे हैं। उनकी बेटी प्रियंका भोपाल से रक्षाबंधन मनाने छतरपुर आई हुई थी। घटना के वक्त उसने आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन महेश ने उस पर भी हमला कर दिया और मौके से भाग निकला।

मौके पर अफरा-तफरी

वारदात की सूचना मिलते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का बयान

सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया—

“सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान हो चुकी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।”

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment