उज्जैन। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही रोकने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए सीएमएचओ डॉ. विक्रम रघुवंशी ने गुरुवार को सिविल अस्पताल महिदपुर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खेड़ाखजुरिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं के रिकॉर्ड और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं के पंजीयन से लेकर सुरक्षित प्रसव तक की प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन करने, निर्धारित समय पर सोनोग्राफी कराने और हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान कर उनका प्रभावी प्रबंधन करने के निर्देश दिए। बर्थ वेटिंग व्यवस्था के तहत हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संस्थाओं में भर्ती कर सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने अनमोल पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों की जानकारी समय पर दर्ज करने, पात्र हितग्राहियों के आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड बनाने तथा ओपीडी सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का समय सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने और अस्पतालों में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
कुपोषित बच्चों की पहचान कर एनआरसी में कराएं भर्ती
सीएमएचओ ने कोमल स्पर्श कार्यक्रम के तहत सैंपलिंग बढ़ाने और कुपोषित बच्चों की पहचान कर गंभीर कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराने के निर्देश दिए। साथ ही दवाओं का वितरण निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार करने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को कहा। हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र लोगों को नियमानुसार भुगतान में देरी नहीं करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान सिविल अस्पताल महिदपुर के संस्था प्रभारी डॉ. महेश रामपुरे सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।