उज्जैन। दालों के बढते दामों पर नियंत्रण के लिए भारत सरकार सीधे तौर पर अब दाल व्यापारियों पर सीधी नजर रख रही है। इसके चलते सरकार ने इसके स्टाक को पोर्टल पर पंजीयन करने एवं नियमित अपडेट करने के निर्देश दे दिए हैं। जिलों में भी जिला आपूर्ति अधिकारियों को व्यापारियों से इसके पालन करवाने के लिए कहा गया है।पिछले एक माह में दालों के भाव में निरंतर तडका लगा हुआ है। फूटकर बाजार में तुअर, चना, उड़द, मूंग एवं मसूर दाल के दामों में बराबर वृद्धि दर्ज हो रही है। इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड रहा है। निरंतर बढते दामों को लेकर भारत सरकार ने व्यापारियों के लिए निर्देश जारी किए हैं। इससे ब्लेक मार्केटिंग एवं जरूरत से ज्यादा स्टाक करने वालों को पकडा जा सकेगा।ये दिए निर्देश-भारत सरकार द्वारा प्रमुख दालों तुअर, चना, उड़द, मूंग एवं मसूर के स्टॉक का भारत सरकार के पोर्टल https://fcainfoweb.nic.in/psp/ पर प्रकटीकरण करने तथा प्रत्येक शुक्रवार को स्टॉक की स्थिति अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। दाल व्यापारियों को भारत सरकार के पोर्टल पर स्टॉक का पंजीयन एवं नियमित अपडेट करना होगा। तुअर, चना, उड़द, मूंग एवं मसूर दाल के स्टॉक की प्रत्येक शुक्रवार को जानकारी अपडेट करना अनिवार्य होगा।पोर्टल पर पंजीयन के साथ देना होगी जानकारी-खाद्य विभाग के सूत्रों के अनुसार भारत सरकार के निर्देशों के पालन में सतत निगरानी रखी जा रही है।दाल व्यापारियों, मिलर्स, बड़ी श्रंखला के खुदरा विक्रेताओं एवं आयातकों को उक्त पोर्टल पर अपना पंजीयन कराने तथा तुअर, चना, उड़द, मूंग एवं मसूर दाल के स्टॉक की जानकारी नियमित रूप से प्रत्येक शुक्रवार को अपडेट करने के लिए निर्देशित करने की कार्रवाई की जा रही है। निर्धारित स्टाक को लेकर जानकारी भी जुटाई जा रही है।
दाल व्यापारियों को स्टाक की देना होगी जानकारी भारत सरकार की दाल व्यापारियों पर नजर – पोर्टल पर स्टॉक का पंजीयन एवं नियमित अपडेट करने के निर्देश