लुधियाना। लुधियाना के माछीवाड़ा कस्बे के गांव तखरां में कांग्रेस ब्लॉक प्रधान परमिंदर तिवारी की हत्या कर दी गई। वे रविवार शाम साढ़े 6 बजे बस स्टैंड पर अपने क्वार्टरों पर कुर्सी पर बैठे हुए थे। इसी दौरान दो बदमाश आए। उन्होंने पीछे से सिर पर कुल्हाड़ी से तीन वार किए। जिससे उनका सिर फट गया और वह जमीन पर गिर पड़े। उनके दिमाग की नसें बाहर निकल आईं। मौके पर मांस और खून बिखर गया। इसके बाद आरोपी वहीं पर कुल्हाड़ी छोड़कर भाग गए। इसी दौरान उनका बेटा वहां पहुंचा, वह जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़े मिले। इसके बाद उन्हें तुरंत माछीवाड़ा के सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें फोर्टिस अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कांग्रेस नेता की हत्या, बदमाशों ने कुल्हाड़ी से सिर फोड़ा