उज्जैन।उज्जैन के छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा का शव कनाडा से लाने के लिए परिवार ने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई है। परिवार ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। गुरकीरत की 14 मार्च को कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन शहर में पिटाई के बाद कार चढ़ाकर हत्या कर दी गई थी। दो दिन पहले छात्र के उज्जैन स्थित घर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परिवार को शव लाने के लिए हर संभव मदद देने का वादा किया था।परिजन का कहना है कि कनाडा सरकार बॉडी देने के लिए करीब 40 हजार डॉलर (लगभग 35 लाख रुपए) जमा कराने को कह रही है। इतना ही नहीं, जांच प्रक्रिया के कारण अस्पताल से बॉडी 15 दिन बाद ही दी जाएगी। परिवार ने बताया कि बॉडी को कनाडा से उज्जैन लाने में करीब 10 लाख रुपए का अतिरिक्त खर्च आएगा, जो वहन करना परिवार के बस में नहीं है। बता दें कि गुरकीरत कनाडा के नॉर्दर्न लाइट्स कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट के पोस्ट डिग्री डिप्लोमा प्रोग्राम की पढ़ाई कर रहे थे। उनका परिवार उज्जैन में देवास रोड स्थित पार्श्वनाथ सिटी में रहता है।
कनाडा से शव लाने के लिए पीएम से गुहार:14 मार्च को हुई थी छात्र की हत्या, परिवार ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा