उज्जैन।पार्श्वनाथ कॉलोनी निवासी गुरकीरत सिंह मनोचा हत्याकांड में अब परिवार को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद कनाडा से गुरकीरत सिंह का पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है।परिवार को सोमवार को कनाडा एम्बेसी की ओर से एक ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसमें आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर आगामी 2 से 3 दिनों के भीतर शव भारत भेजने की बात कही गई है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि गुरुवार तक पार्थिव शरीर उज्जैन पहुंच सकता है।14 मार्च को कनाडा में हुई थी हत्या-गुरकीरत सिंह मनोचा की 14 मार्च 2026 को कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन (ब्रिटिश कोलंबिया) में कुछ लोगों ने हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही परिजन शव को उज्जैन लाने के लिए प्रयासरत थे। 15 मार्च को मामला मीडिया में आने के बाद 16 मार्च को जिला कलेक्टर रोशन सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने परिजनों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और पूरी जानकारी शासन तक पहुंचाई।आर्थिक तंगी के चलते परिवार ने मांगी मदद-परिजनों ने कनाडा जाकर अंतिम संस्कार करने में असमर्थता जताते हुए मदद की गुहार लगाई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री को ईमेल भी किया था। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी अनुरोध किया था। उन्होंने कहा था कि या तो सरकार उनकी मदद से परिवार के दो सदस्यों को कनाडा भेजे या फिर शव को उज्जैन लाने की व्यवस्था की जाए।