दैनिक अवंतिका उज्जैन।
नाग पंचमी पर उज्जैन में विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर के शिखर पर स्थित श्री नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर के पट सोमवार रात 12 बजे खोले गए थे। परंपरा अनुसार महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरि महाराज ने प्रथम पूजन किया। इसके बाद रात करीब 1 बजे से आम दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ जो मंगलवार की रात 12 बजे थमा। इस दौरान 24 घंटे तक मंदिर के पट खुले रहे और निरंतर दर्शन कराए गए।
हर घंटे मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या लाखों में बढ़ती गई। दोपहर 2 बजे तक प्रशासन ने 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन कर लेने की जानकारी दी थी। रिमझिम बारिश के बावजूद मंदिर के सभी प्रवेश द्वारा पर श्रद्धालुओं की लंबी लगी रही। लोग जयकारे लगाते हुए पैदल आगे बढ़ते चले गए और दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। नागचंद्रेश्वर दर्शन के लिए लोग उज्जैन में सोमवार की सुबह से पहुंच गए थे। पहले लोगों ने श्रावण की तीसरी सवारी का आंनद लिया फिर रात में लाइन में लगे और पट खुलने के बाद भगवान श्री नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर धन्य हुए।
तगड़ी सुरक्षा, 200 अफसर, 250
कर्मचारी, 1800 पुलिस जवान
नागचंद्रेश्वर मंदिर में उमड़ने वाली लाखों लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने विभिन्न शिफ्टों में 24 घंटे के लिए अधिकारी व कर्मचारी सुरक्षा से लेकर तमाम व्यवस्थाओं में तैनात किए। जिसमें 200 अफसर, 2500 कर्मचारी, 1800 पुलिस के जवान लगाए गए। वहीं 560 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी गई।
