उज्जैन-गरोठ 6 लेन पर दर्दनाक हादसा: दो की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
उज्जैन। उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा झारड़ा और नलखेड़ा के बीच स्थित छह लेन रोड पर हुआ, जहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान नलखेड़ा निवासी बबलू नाथ बैरागी और सुमेर पोरवाल (कलाल) के रूप में हुई है। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, तीसरे युवक बंटी कटारिया को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय उज्जैन रेफर किया गया है।
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस फोरलेन पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सख्त निगरानी के अभाव में दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां स्पीड कंट्रोल के उपाय करने की मांग की है।
