इंदौर में अवैध बोर्ड विवाद: महापौर ने दिए FIR के निर्देश, विजयवर्गीय बोले- लैंड जिहाद शुरू

इंदौर में अवैध बोर्ड विवाद: महापौर ने दिए FIR के निर्देश, विजयवर्गीय बोले- लैंड जिहाद शुरू

इंदौर के चंदन नगर में गलियों के नाम बदलकर धर्म विशेष के नाम पर बोर्ड लगाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पार्षद फातमा रफीक ख़ान द्वारा बिना नगर निगम एमआईसी की अनुमति लिए यह बोर्ड लगवाए गए, जिनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। मामला सामने आते ही राजनीति गरमा गई और नगर निगम ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

महापौर ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि एमआईसी की अनुमति के बिना लगाए गए सभी बोर्ड असंवैधानिक हैं। उन्होंने पार्षद पर FIR कराने के निर्देश दिए और निगम अमले को सभी अवैध बोर्ड हटाने के आदेश दे दिए। महापौर ने कहा कि इस तरह की प्रक्रिया करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

आकाश विजयवर्गीय की चेतावनी

पूर्व विधायक और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र आकाश विजयवर्गीय ने निगम आयुक्त को पत्र लिखकर इस मामले को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि कुछ गलियों के नाम बदलकर धर्म विशेष के नाम पर कर दिए गए हैं। उन्होंने मांग की कि तुरंत पुराने नाम बहाल किए जाएं और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर FIR हो। साथ ही चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

निगम की कार्रवाई

विवाद बढ़ने पर निगम का अमला मौके पर पहुंचा और सभी अवैध बोर्ड हटाने शुरू कर दिए। बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह काम केवल पार्षद अकेले नहीं कर सकते, इसलिए संबंधित कर्मचारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा बयान

प्रेस कॉन्फ्रेंस में आकाश विजयवर्गीय ने अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया और कहा कि यह सिर्फ नाम बदलने का मामला नहीं, बल्कि गंभीर साजिश का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने कहा कि “लव जिहाद के बाद अब लैंड जिहाद शुरू हो गया है” और इसे रोकना बेहद जरूरी है। साथ ही, उन्होंने फरार अनवर कादरी पर भी सवाल उठाए और विदेशी फंडिंग की जांच की मांग की।

पार्षद पति ने दी सफाई

विवाद गहराने के बाद पार्षद फातमा रफीक ख़ान के पति ने वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि जिन गलियों पर बोर्ड लगाए गए हैं, वे पहले से ही इन्हीं नामों से जानी जाती थीं। उन्होंने दावा किया कि बोर्ड नगर निगम द्वारा लगाए गए हैं और इसमें पार्षद का कोई हस्तक्षेप नहीं है।

👉 चंदन नगर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा का हिस्सा है, इसलिए यह विवाद अब और बड़ा राजनीतिक रूप ले चुका है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment