अकोला में सबसे ज्यादा 46.9 डिग्री तापमान

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली

देश में भीषण गर्मी बढ़ती जा रही है। पूर्वोत्तर को छोड़कर भारत के ज्यादातर राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से 46 डिग्री के बीच बना हुआ है। यूपी, राजस्थान और महाराष्ट्र के 7 शहरों में रविवार को तापमान 46 डिग्री के पार चला गया। यूपी के 60 जिलों में आज लू का अलर्ट है।

महाराष्ट्र के अकोला में तापमान सबसे ज्यादा 46.9 डिग्री रहा। इसके बाद अमरावती (महाराष्ट्र) में 46.8 डिग्री, बांदा में 46.6 डिग्री, वर्धा (महाराष्ट्र) और बाड़मेर (राजस्थान) में 46.4 डिग्री, जैसलमेर (राजस्थान) और यवतमाल (महाराष्ट्र) में 46 डिग्री तापमान रहा।
मध्य प्रदेश के खजुराहो में पहली बार तापमान 45 डिग्री पहुंचा। इंदौर-भोपाल में पारा 43 डिग्री रहा। वहीं, उत्तराखंड के देहरादून में हीटवेव के कारण आज से 1 से 12वीं तक के स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने के निर्देश हैं। बिहार के 11 जिलों में रविवार को पारा 40 डिग्री के पार चला गया। आरा में भीषण गर्मी के कारण एक प्राइवेट स्कूल की महिला कर्मी की मौत हो गई। पटना के जू में जानवरों के लिए 17 कूलर और 11 एसी लगाए गए हैं।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment