महिदपुर। शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय नारायणा के पहुंच मार्ग की खराब स्थिति के कारण विद्यार्थियों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनजीवन मिशन की पाइपलाइन सुधार कार्य के बाद मार्ग को पुन: व्यवस्थित नहीं किया गया, जिससे वहां कीचड़ भर गया है और आवागमन बाधित हो गया है। जानकारी के अनुसार विद्यालय पहुंचने वाले मार्ग की पूरी चौड़ाई में लगभग चार फीट तक कीचड़ जमा है। इसके कारण छात्र-छात्राओं को पैदल विद्यालय पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। मार्ग की स्थिति इतनी खराब है कि साइकिल, मोटरसाइकिल एवं अन्य छोटे वाहन भी वहां से नहीं निकल पा रहे हैं। विद्यालय के प्राचार्य ओमप्रकाश पाठक ने इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत नारायणा के सरपंच भगवान सिंह गोयल एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) महिदपुर को आवेदन देकर शीघ्र मार्ग सुधार की मांग की है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में लगभग 225 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जो प्रतिदिन इसी मार्ग से विद्यालय आते-जाते हैं। ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्ग की तत्काल मरम्मत कर उसे आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
हायर सेकेंडरी विद्यालय नारायणा का पहुंच मार्ग बदहाल, छात्रों को हो रही परेशानी