उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत शहर में हो रहे सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया नगर निगम ने शुरू कर दी है। शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय में आयोजित लॉटरी के माध्यम से 51 प्रभावित परिवारों को पंवासा स्थित ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में भूखंड आवंटित किए गए। ये वे परिवार हैं, जिन्होंने सिंहस्थ की व्यवस्थाओं और शहर के विकास के लिए प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण में अपने मकान देने पर सहमति दी है।
नगर निगम के पंडित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में महापौर मुकेश टटवाल और निगम अध्यक्ष कलावती यादव की मौजूदगी में लॉटरी प्रक्रिया पूरी की गई। जिन मार्गों के चौड़ीकरण से ये परिवार प्रभावित हो रहे हैं, उनमें दो तालाब (शिंदे नर्सिंग होम) से शांति नगर मुख्य मार्ग (महावीर मार्ग), गदापुलिया से मंछामन मार्ग और गेल इंडिया से नीलगंगा चौराहा तक का मार्ग शामिल है।
कॉलोनी का भ्रमण कराकर दिखाई जाएंगी सुविधाएं
भूखंड आवंटन के बाद नगर निगम प्रभावित परिवारों को पंवासा स्थित ईडब्ल्यूएस कॉलोनी का भ्रमण भी कराएगा। इससे परिवार मौके पर पहुंचकर सड़क, पानी, बिजली, प्रकाश और उद्यान जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ले सकेंगे। निगम अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए यहां भूखंडों की व्यवस्था की गई है।
महापौर बोले- परिवारों की सुविधाओं का रखेंगे ध्यान
लॉटरी के दौरान महापौर मुकेश टटवाल और निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने प्रभावित परिवारों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि परिवारों ने सिंहस्थ 2028 के सफल आयोजन और शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए अपने मकान देने पर सहमति दी है। नगर निगम उनके पुनर्वास और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखेगा। किसी भी परिवार को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
इस दौरान एमआईसी सदस्य सत्यनारायण चौहान, प्रकाश शर्मा, कैलाश प्रजापत, डॉ. योगेश्वरी राठौर, पार्षद शिवेंद्र तिवारी, पंकज चौधरी, हेमंत गहलोत, लीला वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि घनश्याम गौड़, अपर आयुक्त संतोष टैगोर, उपायुक्त मनोज मौर्य सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।