सनावद। भीड़भाड़ वाले बाजार में खड़ी बाइक चोरी हुई तो सनावद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। सुराग खंगालते-खंगालते पुलिस आरोपियों तक पहुंची और मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है।पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध चोरी की बाइक लेकर धनगांव से सनावद की ओर आ रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में टीम ने ढकलगांव फाटे पर नाकाबंदी कर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई।पूछताछ में युवकों ने अपना नाम अजय पिता शिवकरण गोलकर (25), निवासी बिहारीपुरा और धर्मेंद्र पिता कोमल डांगरे (26), निवासी हरबसपुरा, थाना धनगांव बताया। बाइक के दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने जांच की तो पता चला कि यह बाइक 7 सितंबर को सनावद के साप्ताहिक बाजार में सरकारी अस्पताल के पास से चोरी हुई थी।पुलिस ने दोनों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने दो अन्य चोरी की बाइक होने की जानकारी दी। आरोपियों की निशानदेही पर हीरो एचएफ डिलक्स और सीबी साइन सहित कुल तीन बाइक बरामद की गईं।