उज्जैन। मंगलनाथ मार्ग सांदीपनी आश्रम के सामने शनिवार शाम सड़क हादसे में प्रेस फोटोग्राफर की मौत हो गई। तेजगति से दौड़ती ई रिक्शा ने उनकी बाइक को टक्कर मारी थी। पुलिस ने रिक्शा जप्त कर चालक को हिरासत में लिया है।
जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के सांदीपनी आश्रम के सामने शाम 5.30 बजे के लगभग तेजगति से दौड़ती ई रिक्शा क्रमांक एमपी 13 झेड ई 6350 ने बाइक पर सवार प्रेस फोटोग्राफर लखन परमार 54 साल निवासी भैरवगढ़ को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हे अस्पताल लाया जाता उससे पहले रास्ते में उनकी सांस थम गई। जैसे ही मीडिया जगत में खबर आई, कई साथी चरक अस्पताल पहुंच गये। परिजन भी सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे थे। बताया जा रहा था कि वह उज्जैन से घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने रिक्शा को जप्त कर लिया था। उसका चालक भाग निकला था उसे भी तलाश कर हिरासत में लिया गया है। फिलहाल मामले में मर्ग कायम किया गया है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जायेगा। लखन परमार प्रेस फोटोग्राफर थे और कई सालों से दैनिक अवंतिका से जुडेÞ रहे। उनके द्वारा फोटो के साथ समाचार संकलन का काम भी किया जाता था। उनके निधन से मीडिया जगत में शौक छा गया।
शहर में बेकाबू ई-रिक्शा की रफ्तार
महाकाल लोक बनने के बाद शहर में ई-रिक्शा की बाढ़ सी आ गई। हजारों की संख्या में हर मार्ग पर इनकी रफ्तार दिखाई देती है। यह ओव्हर लोड़ सवारी भरने के साथ पूरे शहर की सड़कों पर जाम का पर्याय भी बन चुके है। पूर्व में ई-रिक्शा पलटने के कई मामले सामने आ चुके है। कई नाबालिग रिक्शा दौड़ा रहे है। इनकी रफ्तार पर पुलिस और प्रशासन का अंकुश नहीं लग पा रहा है। मार्गो पर इनकी मौजूदगी को कंट्रोल करने के लिये पूर्व में दो शिफ्ट में संचालन की व्यवस्था की गई थी और लाल-पीले रंग की पट्टी चस्पा की गई थी, लेकिन सख्त पालन नहीं होने पर इनकी रफ्तार बेकाबू बनी हुई है।
सांदीपनी आश्रम के पास हादसा, प्रेस फोटोग्राफर की मौत -तेजगति से दौड़ती ई रिक्शा ने मारी बाइक को टक्कर