सागर। सागर जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र के छापरी गांव में जहरीली शराब की घटना से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने परिवारों की पीड़ा पर दुख व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
पटवारी ने कहा कि “सरकारी लापरवाही से छापरी छला गया।” उन्होंने कहा कि जहरीली शराब के कारण जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया है, उनके बीच पहुंचकर स्थिति देखकर मन असहनीय पीड़ा और गहरे दुख से भर गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवारों का दर्द केवल व्यक्तिगत त्रासदी नहीं है, बल्कि यह सरकार की उस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है, जो समय रहते जहरीली शराब के नेटवर्क को रोकने में नाकाम रही।
पटवारी ने कहा कि इस पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
उन्होंने सरकार से मांग की कि जहरीली शराब के नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के साथ-साथ यदि किसी स्तर पर प्रशासनिक लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई की जाए।
पटवारी के आरोपों पर अब शासन-प्रशासन के आधिकारिक जवाब का इंतजार है।