इंदौर। सड़क हादसे में घायल 50 वर्षीय मैकेनिकल इंजीनियर की गुरुवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्हें दो दिन पहले घर से काम के लिए निकलते समय बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी। गंभीर हालत में परिजन उन्हें एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान शैलेष (50) पुत्र रामदेव कुशवाह निवासी धरमपुरी के रूप में हुई है। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।17 अगस्त को बाइक की टक्कर के बाद उन्हें एंबुलेंस से एमवाय अस्पताल लाया गया था।शैलेष के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि वे पहले वडोदरा की डीएनएस कंपनी में काम करते थे।
करीब एक महीने पहले ही उनकी नौकरी डब्ल्यूआरके कंपनी में लगी थी, जिसके बाद वे इंदौर आ गए थे।परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। मौत के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए उत्तर प्रदेश ले जाएंगे।पुलिस ने हादसे को लेकर बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी बाइक चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।