शुभ-लाभ गार्डन में गोली चलाने वाले 4 हिरासत में मान के कार्यक्रम में सालों ने जीजा पर किया फायर, महिला भी घायल

उज्जैन। पारिवारिक विवाद के चलते बुधवार-गुरूवार रात शुभ-लाभ गार्डन में कार्यक्रम के दौरान सालों ने जीजा पर फायर कर दिया। गोली चलने पर एक महिला भी घायल हो गई। 2 फायर होने पर कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई थी। पुलिस ने गुरूवार दोपहर गोलीकांड में शामिल 2 नाबालिगों के साथ दोनों सालों को हिरासत में ले लिया है।
जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के अंकपात मार्ग पर शुभ-लाभ गार्डन में लखन परमार ने मान का कार्यक्रम आयोजित किया था। जिसमें रिश्तेदरों के साथ परिचित पहुंचे थे। लखन परमार का परिचित जयराम पिता प्रदीपसिंह बैस निवासी पटेल नगर भी कार्यक्रम में आया था। रात 11.47 बजे जयराम वापस लौट रहा था उसी दौरान उसके सालों वैभव और यश अपने साथियों के साथ पहुंचे और फायर कर दिया, गोली चलते ही जयराम वापस गार्डन में भागा, लेकिन उसके दोनों सालों ने फिर गोली चलाई, इस दौरान जयराम तो घायल हुआ, लेकिन गोली के छर्रे निकलने पर कार्यक्रम में शामिल श्वेता पति लीलाधर परमार निवासी मालीपुरा धर्मशाला के पास भी घायल हो गई। 2 गोली चलने पर कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने गोली चलाने वालों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन हाथों में हथियार देकर पीछे हट गये। गार्डन के बाहर आई एक कार में हमला करने वाले सवार होकर भाग निकले। जयराम और घायल हुई महिला को लोगों ने उपचार के लिये निजी अस्पताल पहुंचाया। गोली चलने की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया कि घटनास्थल की जांच और घायलों से जानकारी लेने के बाद मामले में शासन की ओर तड़के 4 बजे प्रकरण दर्ज किया। वहीं हमला करने वालों की तलाश शुरू की गई। वैभव और यश के साथ 2 नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। 2 अन्य की तलाश की जा रही है।
पत्नी से चल रहा जयराम का विवाद
बताया जा रहा है कि जयराम बैस चेरिटेबल अस्पताल के आगे दूध डेयरी के साथ स्वीट्स की दुकान संचालित करता है। उसका पत्नी से विवाद चला आ रहा है। पत्नी मायके में रह रही है। उसने कोर्ट में केस लगा रखा है। जानकारी सामने आई है कि पत्नी से विवाद के चलते जयराम ने दूसरी शादी कर ली थी। जिसके चलते गोलीकांड होना सामने आया है। वहीं घायल जयराम का कहना था कि पत्नी संपत्ति हड़पना चाहती है। पिछले माह भी उस पर हमले का प्रयास हुआ था। साले उसे धमका चुके थे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment