दैनिक अवंतिका उज्जैन। इंदौररोड फोरलेन त्रिवेणी संगम स्थित प्राचीन श्री नवग्रह शनि मंदिर एवं पुराने शहर के नईपेठ में स्थित प्राचीन शनि मंदिर पर मंगलवार को शनि जयंती के अवसर पर दिन धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे। नवग्रह शनि मंदिर में प्रातः काल पट खुलने के बाद शनि देव का अभिषेक कर श्रृंगार किया गया। सुबह से रात तक यहां हजारों की संख्या में भक्त उमड़े। सभी ने भंडारे में प्रसादी ग्रहण की तो नईपेठ स्थित शनि मंदिर पर प्रातः 9 बजे शनि देव का अभिषेक किया गया। पुजारी राम शर्मा ने बताया कि 11 बजे हवन व दोपहर 12 बजे शनिदेव की जन्म आरती की गई। शाम 7 बजे महाआरती पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। शनिदेव का विशेष श्रृंगार कर फलों एवं मिठाई का भोग लगाया गया। मंदिर में धर्म प्राण जनता की सुख समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की गई। ढाबा रोड स्थित शनि मंदिर में भी सुबह से अभिषेक-पूजन किया गया। शाम को महाआरती कर भोग लगाया गया।
