माधव कॉलेज में HOD-प्राध्यापिका का झगड़ा थाने पहुंचा: दोनों ने लगाए गंभीर आरोप, प्राचार्य बोले– मुझे जानकारी नहीं
उज्जैन। शासकीय प्रधानमंत्री एक्सीलेंस माधव कला एवं वाणिज्य कॉलेज में शुक्रवार को विभागाध्यक्ष और सहायक प्राध्यापिका के बीच विवाद थाने तक पहुंच गया। दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला फिलहाल पुलिस जांच में है।
आरोप-प्रत्यारोप
-
सहायक प्राध्यापिका आयुषी सूर्यवंशी ने विभागाध्यक्ष चंद्रदीप यादव पर गलत हरकत करने और पिछले पांच साल से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई बार इसकी शिकायत कॉलेज प्रशासन और समितियों से भी की गई है। आयुषी का कहना है कि जब वह यादव को प्राचार्य के पास ले जा रही थीं, तभी वे छूटकर भागे और सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गए।
-
वहीं HOD चंद्रदीप यादव का आरोप है कि निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभाग में एक अज्ञात व्यक्ति को बैठे देखा। जब उन्होंने उसका नाम पूछा और फोटो लेने की कोशिश की, तो प्राध्यापिका और उस युवक ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। यादव ने दावा किया कि उनके सिर में गंभीर चोट आई है।
पुलिस में शिकायत
दोनों पक्षों ने जीवाजीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों के बयान लिए हैं और जांच शुरू कर दी है।
प्राचार्य का बयान
कॉलेज प्राचार्य कल्पना सिंह ने कहा कि दोनों शिक्षक कॉलेज आए थे, लेकिन झगड़े को लेकर किसी ने भी लिखित प्रतिवेदन नहीं दिया। उन्हें इस घटनाक्रम की जानकारी थाने से मिली। प्राचार्य ने बताया कि शनिवार को दोनों शिक्षकों से लिखित में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
