उज्जैन / महाकाल चौराहा से ढाबा रोड (पटनी बाजार मार्ग) तक के चौड़ीकरण के लिए नवंबर के अंत तक फाइनल नोटिस जारी किए जाने की प्लानिंग हैं। ऐसा इसलिए कि 23 नवंबर को को कार्तिक मास की दूसरी सवारी निकलेगी और रात को हरिहर मिलन भी होगा। इसमें बाधा ना आए इसलिए यह निर्णय लिया है।
निगम के अधिकारियों ने बताया कि नोटिस में प्रभावितों को अपने प्रतिष्ठान खाली करने के लिए 10 दिसंबर के आसपास की डेडलाइन दी जा सकती हैं। क्योंकि इस मार्ग से 30 नवंबर को अगहन की पहली सवारी व 7 दिसंबर को दूसरी सवारी भी निकलना है। इससे पहले निगम ने प्रभावितों को प्राथमिक नोटिस देकर उनकी प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज बुलवाए थे। सिंहस्थ में भीड़ व ट्रैफिक प्रबंधन की दृष्टि से प्रशासन मार्ग को 65 फीट तक चौड़ा कर रहा है। महाकाल चौराहा से मंगलनाथ तक यह मार्ग विभिन्न चरणों में चौड़ा किया जा रहा है। इसी क्रम में केवल अब महाकाल चौराहा से गोपाल मंदिर होते हुए ढाबा रोड तक का विस्तार बाकी रह गया हैं।
जिम्मेदारों का मानना है कि इस हिस्से के भी चौड़ा हो जाने से सिंहस्थ के अलावा पंचक्रोशी यात्रा, महाकाल की सवारी सहित विशेष अवसरों में भी मदद मिलती रहेगी। इधर इन तमाम परिस्थतियों के बीच प्रभावित होने वाले व्यापारियों व भवन स्वामियों की मांग है कि मार्ग को कम चौड़ा किया जाए ताकि व्यापारियों के पास कारोबार के लिए थोड़ी जगह तो बचे। मार्ग को ज्यादा चौड़ा करने से कई व्यापारियों के पूरे प्रतिष्ठान ही खत्म हो जाएंगे क्योंकि उनके पास 11-12 फीट इतनी ही जगह हैं।
हरिहर मिलन सवारी के बाद नोटिस जारी देंगे पटनी बाजार मार्ग पर अभी फाइनल नोटिस जारी नहीं किए हैं। हरिहर मिलन के बाद नोटिस जारी किए जाएंगे। – संतोष टैगोर, अपर आयुक्त ननि