महिदपुर। शासकीय महाविद्यालय महिदपुर में ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत ‘बाल विवाह उन्मूलन अंतर्राष्ट्रीय दिवस’ के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम एवं सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और इसके पूर्ण उन्मूलन के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. प्रभाकर मिश्र ने विषय की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए विस्तृत विचार रखे। उन्होंने अपने उद्बोधन में बताया कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति ही नहीं, बल्कि एक गंभीर कानूनी अपराध भी है, जो बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास को अवरुद्ध करता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ.जाकिरुद्दीन अहिंगर ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उच्च शिक्षा संस्थानों की सामाजिक जिम्मेदारी को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होता है और यदि विद्यार्थी संकल्प ले लें, तो समाज से बाल विवाह जैसी प्रथा को जड़ से समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने महाविद्यालय परिवार द्वारा किए जा रहे ऐसे जन-जागरूकता प्रयासों की सराहना की और विद्यार्थियों को अपने परिवार व समुदाय को शिक्षित करने के लिए प्रेरित किया।